NEWS PR डेस्क: पटना, 23 जून। बिहार में खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करने और खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (बीएसएसए) ने ‘बिहार राज्य खेल सम्मान 2026’ के लिए आवेदन आमंत्रित करते हुए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस सम्मान के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संघों और खेल प्रशासकों को सम्मानित किया जाएगा।
प्राधिकरण के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 जून से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 15 जुलाई की शाम 5 बजे के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
खेल सम्मान के लिए आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और सरल बनाया गया है। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए एक विशेष क्यूआर कोड भी जारी किया गया है, जिसकी मदद से सीधे आवेदन पोर्टल तक पहुंचा जा सकता है। इससे राज्य के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को आवेदन करने में आसानी होगी।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण का कहना है कि यह सम्मान उन खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को समर्पित है, जिन्होंने अपनी उपलब्धियों से राज्य का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गौरवान्वित किया है। खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को पहचान देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए प्राधिकरण ने हेल्पलाइन नंबर 9031045384 जारी किया है। खिलाड़ी और कोच इस नंबर पर संपर्क कर आवेदन से जुड़ी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि इस सम्मान से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा मिलेगी। बिहार सरकार की यह पहल राज्य में खेलों के विकास और प्रतिभाओं के सम्मान की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
