कटिहार के आजमनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हथियार के बल पर मैसी शोरूम के कर्मचारी से करीब 3 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने कर्मचारी को रास्ते में रोककर हथियार दिखाया और गोली मारने की धमकी देकर नकदी से भरा बैग लूट लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आजमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
ट्रैक्टर की किस्त के रुपये लेकर लौट रहा था कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक, सालमारी स्थित मैसी शोरूम का कर्मचारी गणेश राय मनिहारी के बलदियागाछी से ट्रैक्टर की किस्त के करीब 3 लाख रुपये वसूलकर बाइक से सालमारी लौट रहा था। उसके साथ धबोल गांव निवासी मोहम्मद समद भी मौजूद था। दोनों जब धबोल गांव पहुंचे तो मोहम्मद समद बाइक से उतर गया। इसके बाद गणेश राय अकेले ही सालमारी की ओर आगे बढ़ गए।
बांध पर बाइक सवार बदमाशों ने रोका
गणेश राय के मुताबिक, शिशाबाड़ी और चांदपुर बैरिया के बीच बांध पर पहुंचते ही बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने हथियार निकालकर बाइक की डिक्की खोलने को कहा, साथ ही डिक्की नहीं खोलने पर गोली मारने की धमकी दी। हथियार देखकर गणेश राय डर गए और उन्होंने बाइक की डिक्की खोल दी। इसके बाद बदमाशों ने डिक्की में रखा नकदी से भरा बैग निकाल लिया। बदमाश करीब 3 लाख रुपये नकद से भरा बैग लेकर बाइक से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद कारोबारी और स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है।
आयुष अग्रवाल ने डायल 112 पर दी सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद शोरूम मालिक के पुत्र आयुष अग्रवाल ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आजमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी से घटना के संबंध में जानकारी ली।
नकदी की पहले से थी जानकारी, रेकी की आशंका
पीड़ित गणेश राय ने बताया कि बदमाशों को नकदी के बारे में पहले से जानकारी थी। इस वजह से आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले कर्मचारी की रेकी की गई थी। पुलिस इस बिंदु को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है कि बदमाशों को ट्रैक्टर की किस्त की रकम और कर्मचारी के आने-जाने की जानकारी कैसे मिली।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।
कटिहार से रिपोर्टर : रतन कुमार