अशोक चौधरी ने संभाला खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का पदभार, 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों तक घर पहुंच राशन देने की तैयारी

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 09 मई। बिहार सरकार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बनाए जाने के बाद अशोक चौधरी ने शुक्रवार को विभाग का पदभार ग्रहण कर लिया। विभाग पहुंचने पर विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, विशेष सचिव विभूति रंजन चौधरी, बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक सुनील कुमार, संयुक्त सचिव रवीन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी सृष्टि प्रिया समेत अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद मंत्री अशोक चौधरी ने विभागीय अधिकारियों के साथ योजनाओं और कार्यकलापों की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग राज्य के करोड़ों लोगों के जीवन से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है।

उन्होंने बताया कि बिहार में राशन कार्ड लाभार्थियों की संख्या 8 करोड़ से अधिक है और विभाग का प्रयास होगा कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद परिवार राशन कार्ड के लाभ से वंचित न रहे। मंत्री ने कहा कि आगामी दिनों में 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग राशन कार्डधारियों को उनके घर तक राशन पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

अशोक चौधरी ने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

मंत्री के इस बयान के बाद बुजुर्ग राशन कार्डधारियों के लिए घर तक राशन पहुंचाने की योजना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इससे वृद्ध लाभार्थियों को बड़ी राहत मिल सकती है।

Share This Article