नागपुर में यूथ पार्लियामेंट के समापन पर बोले विधानसभा अध्यक्ष, ‘युवाओं से बनेगा विकसित भारत’

Amit Singh

NEWS PR डेस्क पटना/नागपुर, 23 मार्च 2026। बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने नागपुर में आयोजित इंडियन यूथ पार्लियामेंट के 29वें राष्ट्रीय सत्र के समापन समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। चार दिवसीय यह कार्यक्रम 20 से 23 मार्च तक महर्षि व्यास सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर से 1000 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने “विकसित भारत” के लक्ष्य को युवाओं की सोच, ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता से जोड़ते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक युवा कार्यकर्ता से लेकर नौ बार विधायक और अब विधानसभा अध्यक्ष बनने तक का उनका सफर संघर्ष और जनसेवा का परिणाम है।

उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की अपील की। बिहार दिवस के अवसर पर उन्होंने राजनीति में बिहार के युवाओं की बढ़ती भागीदारी को भी रेखांकित किया और इसे सकारात्मक संकेत बताया।

डॉ. प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे युवा सशक्तिकरण प्रयासों का उल्लेख करते हुए Digital India, Startup India और Make in India जैसी योजनाओं को युवाओं के लिए अवसरों का नया द्वार बताया। उन्होंने कहा कि इन अभियानों की सफलता युवाओं की भागीदारी और नवाचार पर निर्भर करती है।

उन्होंने यह भी कहा कि युवा संसद जैसे मंच लोकतंत्र की समझ विकसित करने और नेतृत्व क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान समय में भ्रष्टाचार, पर्यावरण संकट और सामाजिक असमानता जैसी चुनौतियों का समाधान भी युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं को प्रेरित किया और प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रो. मदन मोहन झा, आशुतोष जोशी, हितेश शंकर और प्रो. आर.जी. मुरलीकृष्ण सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share This Article