बिहार में भ्रष्टाचार पर प्रहार: नालंदा में घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ संसाधन शिक्षक, निगरानी की बड़ी कार्रवाई

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना/नालंदा, 16 मार्च। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की मुख्यालय टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नालंदा जिले में एक संसाधन शिक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

निगरानी थाना कांड संख्या 019/26 (दिनांक 13 फरवरी 2026) के तहत की गई इस कार्रवाई में मनोज कुमार वर्मा, संसाधन शिक्षक, प्रखंड संसाधन केंद्र, चंडी (जिला-नालंदा) को 17 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी चंडी स्थित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष से की गई।

इस संबंध में परिवादी धर्मेंद्र कुमार (पिता- नागेंद्र प्रसाद सिंह, निवासी- मुबारकपुर, थाना- चंडी, जिला- नालंदा) ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पुष्पा कुमारी अंतर वेतन एवं वार्षिक वेतन वृद्धि के भुगतान के बदले रिश्वत की मांग कर रही थीं।

निगरानी ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद पुष्पा कुमारी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पुष्पा कुमारी ने रिश्वत की राशि सीधे लेने के बजाय उसे संसाधन शिक्षक मनोज कुमार वर्मा को देने के लिए कहा था। इसी आधार पर निगरानी टीम ने जाल बिछाकर मनोज कुमार वर्मा को 17 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे आगे की कार्रवाई के लिए विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share This Article