Aurangabad Road Accident: NH-19 पर टूरिस्ट बस और ट्रक की टक्कर, 3 की मौत, 20 घायल

बोधगया से वाराणसी जा रही बस NH-19 पर हादसे का शिकार, 8 यात्रियों की हालत गंभीर

Rashmi Tiwari

भगवान के दर्शन की चाह में निकले श्रद्धालुओं को क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। औरंगाबाद में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई।बिहार के औरंगाबाद जिले में सोमवार को देव थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर एक टूरिस्ट बस और ट्रक-ट्रेलर की टक्कर में आंध्र प्रदेश के तीन पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। घायलों में 8 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।


बोधगया से वाराणसी जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के लगभग 40 श्रद्धालु और पर्यटक धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए यात्रा पर निकले थे। सभी यात्री बोधगया से उत्तर प्रदेश के वाराणसी (काशी) के लिए एक टूरिस्ट बस से रवाना हुए थे।इसी दौरान देव मोड़ और भेड़िया के बीच भवानी होटल के समीप उनकी बस आगे चल रहे ट्रक-ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और तीन यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
8 यात्रियों की हालत गंभीर
हादसे में घायल करीब 20 यात्रियों को आनन-फानन में इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर कर दिया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, आठ यात्रियों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
ओवरटेक के दौरान हादसे की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान यह दुर्घटना हुई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घायलों के परिजनों को सूचना दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के सही कारणों का खुलासा किया जाएगा। यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। औरंगाबाद से रूपेश पत्रकार की रिपोर्ट

Share This Article