Bankipur By Election 2026: बांकीपुर में मतदान शुरू, कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग

Rashmi Tiwari
बांकीपुर उपचुनावः

NEWS PR डेस्क : बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण चुनाव में 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 25 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।

इस सीट पर मुकाबला मुख्य रूप से एनडीए के भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा, महागठबंधन की राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। हालांकि मैदान में कुल 25 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त बनाने के लिए पटना पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मतदान शुरू होने से पहले ही सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई थी। वहीं संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जबकि अधिकांश केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। पूरे विधानसभा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की कमान पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद संभाल रहे हैं। उनके नेतृत्व में पुलिस प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
इसके अलावा सिटी एसपी मध्य ममता कल्याणी, सिटी एसपी पूर्वी शैलजा और सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार भी अलग-अलग इलाकों का दौरा कर मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, उपलब्ध संसाधनों और कानून-व्यवस्था की तैयारियों का लगातार जायजा ले रहे हैं, ताकि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके।

Share This Article