बांकीपुर उपचुनाव: विदेश से लौटे तेजस्वी यादव, आज संभालेंगे चुनावी कमान, RJD का रोड शो

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव करीब तीन सप्ताह के विदेश दौरे से लौट आए हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद उनके रविवार दोपहर तक पटना पहुंचने की संभावना है। पटना लौटते ही तेजस्वी सीधे चुनावी मैदान में उतरेंगे और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की कमान संभालेंगे।

आज बांकीपुर में करेंगे रोड शो
पार्टी सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी यादव रविवार को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो करेंगे। चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में उनका यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि अगले दो दिनों तक तेजस्वी लगातार चुनाव प्रचार में सक्रिय रहेंगे। गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए प्रचार 28 जुलाई की शाम 5 बजे थम जाएगा। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
2 जुलाई को परिवार के साथ गए थे विदेश
तेजस्वी यादव 2 जुलाई को अपने परिवार के साथ विदेश यात्रा पर गए थे। लगभग तीन सप्ताह की छुट्टी के बाद अब उनकी वापसी हुई है। राजनीतिक गलियारों में उनकी वापसी को आरजेडी के चुनाव अभियान के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बता दें कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव इस बार बिहार की सबसे चर्चित चुनावी लड़ाइयों में शामिल हो गया है। RJD ने रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि BJP ने प्रत्याशी बदलते हुए नीरज कुमार सिन्हा को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी स्वयं इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
बीजेपी का मजबूत गढ़ रही है बांकीपुर सीट
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत राजनीतिक गढ़ मानी जाती है। वर्ष 1995 से इस सीट पर भाजपा लगातार जीत दर्ज करती रही है। वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद इस विधानसभा क्षेत्र का नाम बांकीपुर रखा गया और इसके बाद भी भाजपा के नितिन नवीन लगातार पांच बार यहां से विधायक चुने गए।
हाल ही में नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई, जिसके कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। ऐसे में भाजपा अपनी परंपरागत सीट बचाने की चुनौती का सामना कर रही है, जबकि आरजेडी इस सीट पर जीत दर्ज कर राजनीतिक समीकरण बदलने की कोशिश में है। वहीं, प्रशांत किशोर की मौजूदगी ने मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया है।

Share This Article