बेतिया: त्योहारों की असली खुशी अपनों के साथ बांटने में है, और जब इस खुशी में समाज के बुजुर्गों को सम्मान और अपनापन मिले, तो यह पहल और भी खास बन जाती है। दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर बेतिया पुलिस ने कुछ ऐसा ही सराहनीय कदम उठाया है, जिसने मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता की एक अनूठी मिसाल पेश की है।पुलिस कप्तान की पहल पर वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को पुलिस बस के जरिए दुर्गा पूजा पंडालों का दर्शन कराया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने सुरक्षा और सहयोग के साथ बुजुर्गों को शहर के प्रमुख पूजा पंडालों तक पहुंचाया।
बुजुर्गों ने दुर्गा बाग और पावर हाउस चौक स्थित पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके चेहरों पर खुशी, उत्साह और संतोष साफ नजर आया। दुर्गा पूजा के इस खास मौके पर मां के दर्शन कर बुजुर्गों ने त्योहार की खुशियों को करीब से महसूस किया।दरअसल, वृद्धाश्रम में रहने वाले कई बुजुर्गों के लिए धार्मिक आयोजनों में शामिल होना आसान नहीं होता। ऐसे में बेतिया पुलिस की इस पहल ने उन्हें न केवल पूजा-पंडालों तक पहुंचाया, बल्कि उनके बीच अपनापन और सम्मान का भाव भी मजबूत किया।
बेतिया पुलिस के इस मानवीय प्रयास की सराहना हो रही है। इस पहल ने यह संदेश दिया है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंदों और बुजुर्गों की खुशियों का ख्याल रखना भी उसकी सामाजिक जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट।