NEWS PR डेस्क: पटना, 22 मार्च। बिहार की राजनीति में ‘छोटे सरकार’ के नाम से चर्चित बाहुबली नेता अनंत सिंह सोमवार को बेऊर जेल से रिहा होने जा रहे हैं। पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रिहाई से पहले ही उनके पटना स्थित माल रोड आवास पर उत्सव जैसा माहौल बन गया है।
चार महीने बाद जेल से आएंगे बाहर
गौरतलब है कि 2025 विधानसभा चुनाव के दौरान हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह को 1 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। करीब चार महीने जेल में रहने के बाद अब उनकी रिहाई हो रही है, जिससे उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
भव्य स्वागत की तैयारी, लाखों मिठाइयों का इंतजाम
अनंत सिंह के स्वागत को यादगार बनाने के लिए उनके समर्थक बड़े स्तर पर तैयारी कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, करीब 3 लाख रसगुल्ले तैयार कराए जा रहे हैं, जो बाढ़ से पटना लाए जाएंगे। इसके अलावा भोजन में पनीर की विभिन्न डिशेज, लिट्टी-कचौड़ी, पुलाव और मिक्स वेज जैसे व्यंजन शामिल किए गए हैं।
10 से 15 हजार समर्थकों के जुटने का दावा
आवास परिसर में बड़े-बड़े टेंट लगाए गए हैं। गर्मी को देखते हुए पंखे और कूलर की भी विशेष व्यवस्था की गई है। समर्थकों का दावा है कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही अनंत सिंह जेल से निकलकर अपने आवास पहुंचेंगे, वहां 10 से 15 हजार लोगों की भीड़ मौजूद रहेगी। काफिले में बड़ी संख्या में गाड़ियां भी शामिल होंगी।
रिहाई के बाद का कार्यक्रम तय
रिहाई के बाद अनंत सिंह पहले दिन पटना में रुकेंगे। इसके बाद 24 मार्च की सुबह वे बड़हिया के लिए रवाना होंगे, जहां महारानी स्थान पर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे अपने पैतृक क्षेत्र बाढ़ जाएंगे। रास्ते में जगह-जगह उनके स्वागत की तैयारी की जा रही है।