NEWS PR डेस्क: बिहार में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। रोहतास जिले के सासाराम शहर में बुधवार को जिला प्रशासन की टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से रखे गए 10 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए और दो लोगों को हिरासत में लिया।
यह कार्रवाई सासाराम के जक्की शहीद मोहल्ले में की गई। छापेमारी की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। प्रशासन की टीम ने एक घर में छापा मारकर वहां से 10 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए, जिन्हें कथित तौर पर कालाबाजारी के उद्देश्य से अवैध रूप से जमा कर रखा गया था।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व सदर एसडीएम नेहा कुमारी कर रही थीं। इस कार्रवाई में खाद्य आपूर्ति विभाग और नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम भी शामिल थी। बरामद सभी सिलेंडरों को प्रशासन ने जब्त कर लिया है, जबकि मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने गैस की कालाबाजारी को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर की कृत्रिम किल्लत पैदा कर कुछ लोग अधिक कीमत पर बिक्री कर रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।
इस मामले में एसडीएम नेहा कुमारी ने बताया कि प्रशासन को लगातार सूचना मिल रही थी कि इलाके में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर कालाबाजारी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें 10 सिलेंडर बरामद किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर कालाबाजारी करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान प्रशासन की टीम को कुछ उपभोक्ताओं की पासबुक भी मिली हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि कई लोगों के नाम पर सिलेंडर उठाकर उन्हें अवैध रूप से जमा किया जा रहा था। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।