NEWS PR डेस्क :NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में आज (शनिवार) बिहार बंद का असर सुबह से ही दिखाई देने लगा है। छात्र संगठन AISA और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) ने बंद का ऐलान किया है।इस बंद को राजद, कांग्रेस, वीआईपी और वाम दलों का भी समर्थन प्राप्त है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

सीवान में सड़क पर उतरे छात्र, अनोखे अंदाज में किया प्रदर्शन
बिहार बंद के दौरान सीवान में बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान एक छात्र कॉकरोच की वेशभूषा में नजर आया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। प्रदर्शन समाप्त कराने को लेकर प्रदर्शनकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। वहीं जहानाबाद में पुलिस लगातार फ्लैग मार्च और पेट्रोलिंग करती दिखाई दी।
पटना में हाई अलर्ट, प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा बल तैनात
राजधानी पटना में पुलिस और प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, करगिल चौक, कोतवाली टी-पॉइंट, इनकम टैक्स चौराहा, वीरचंद पटेल पथ, हाईकोर्ट, अशोक राजपथ, राजवंशी नगर मोड़, आशियाना और मुख्यमंत्री आवास के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। जेपी गोलंबर पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन के साथ करीब 200 जवानों की तैनाती की गई है।
पूरे बिहार में 70 हजार जवान तैनात
बिहार बंद को देखते हुए राज्यभर में करीब 70 हजार पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और जिलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय पुलिस के अलावा CISF, BSF, SSB और CRPF के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।
विधानसभा, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई गई
प्रशासन ने बिहार विधानसभा, पटना जंक्शन, जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, राजेंद्र नगर टर्मिनल, बिहार संग्रहालय समेत सभी प्रमुख सरकारी और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा कड़ी कर दी है। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पटना, समेत कई जिलों में स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को एहतियातन बंद रखा गया है।
