NEWS PR डेस्क : बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से तीन सदस्यीय प्रोटोकॉल समिति का गठन किया है। इस समिति में डॉ. शशि रंजन, रौशन कुमार सिंह और कुमार दिवाकर सिंह को शामिल किया गया है।यह कमेटी पार्टी के कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन में अहम भूमिका निभाएगी।
बिहार में संगठन को और अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पार्टी ने तीन सदस्यीय प्रोटोकॉल कमेटी का गठन किया है, जो कार्यक्रमों, बैठकों और अन्य गतिविधियों की व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करेगी।
इस नई समिति में डॉ. शशि रंजन, रौशन कुमार सिंह और कुमार दिवाकर सिंह को शामिल किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि पार्टी की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिसके कारण कार्यक्रमों के संचालन और प्रबंधन को अधिक सुव्यवस्थित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नेताओं के आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था, बैठकों की रूपरेखा तय करना तथा मंच संचालन जैसी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए इस कमेटी का गठन किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि समिति के सदस्य अपने दायित्वों का गंभीरता और दक्षता के साथ निर्वहन करेंगे, जिससे संगठन को नई मजबूती मिलेगी। वहीं, नव-नियुक्त सदस्यों ने नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि वे पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ संगठन हित में कार्य करेंगे।