22 जुलाई को होगी बिहार पुलिस रेडियो ASI परीक्षा, जैमर और CCTV की रहेगी निगरानी

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 21 जुलाई। बिहार पुलिस रेडियो वितंतु में सहायक अवर निरीक्षक (प्रचालक) पद के लिए 22 जुलाई को आयोजित होने वाली प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन के लिए सोमवार को प्रेक्षागृह में केंद्राधीक्षकों और स्टैटिक दंडाधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर ने की। उन्होंने बताया कि परीक्षा जिला मुख्यालय के 18 केंद्रों पर एक पाली में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

अपर समाहर्ता ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी निगरानी और बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था रहेगी। बायोमेट्रिक जांच में प्रतिनियुक्त कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा से एक दिन पहले सभी तैयारियां पूरी करने और वीक्षकों व अन्य कर्मियों को आयोग की गाइडलाइन के अनुसार प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया। साथ ही परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने, पुनः फ्रिस्किंग करने और किसी भी अनुचित गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्र पर तैनात सभी वीक्षक, ऑपरेटर और अन्य कर्मी सुबह 7 बजे तक अपनी ड्यूटी स्थल पर पहुंच जाएंगे। आयोग के मानकों के अनुसार प्रत्येक 24 अभ्यर्थियों पर एक वीक्षक और अतिरिक्त 24 अभ्यर्थियों पर एक अतिरिक्त वीक्षक की तैनाती की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना वैध प्रवेश-पत्र और फोटो पहचान-पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रवेश द्वार पर स्टैटिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में फ्रिस्किंग कराई जाएगी। पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष पुलिसकर्मी तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा कवर्ड एरिया में कराई जाएगी।

इसके अलावा लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार घोषणा कर अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, लिखित सामग्री या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में नहीं लाने की चेतावनी दी जाएगी।

बैठक के अंत में अपर समाहर्ता सलीम अख्तर ने सभी अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article