Bihar Weather: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की आहट, बिहार में बारिश के आसार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार में मौसम का मिजाज आने वाले दिनों में बदल सकता है। फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र और संभावित चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 27-28 अक्टूबर के आसपास मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, राज्य के कई जिलों में तेज हवाएं चलने, मेघगर्जन और बिजली चमकने के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। खासकर 28 अक्टूबर से उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी बिहार के कुछ इलाकों में मौसम का असर अधिक दिखाई देने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्यभर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान पूर्वी चंपारण के मोतिहारी और औरंगाबाद में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान डेहरी (रोहतास) में 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना और सीवान में हवा की गति 19 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन चुका है। इसके 24 अक्टूबर तक डिप्रेशन और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके अलावा, 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।

अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दिन पूरे बिहार में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। अगले पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, 28 अक्टूबर से उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी बिहार के कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान मेघगर्जन, बिजली चमकने और बारिश की संभावना जताई गई है।

Share This Article