बिहार के समस्तीपुर में भरी पंचायत में पत्नी ने प्रेमी से रचाई शादी, बच्चा पति को सौंपा

Amit Singh
पति ने प्रेमी से करवा दी पत्नी की शादी

NEWS PR डेस्क: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने समाज में रिश्तों, परंपराओं और व्यक्तिगत फैसलों को लेकर नई बहस छेड़ दी है। यहां भरी पंचायत में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जाहिर करते हुए पति से अलग होने का फैसला किया। मामला समस्तीपुर जिले के वीरनामा गांव का है, जहां पत्नी की जिद के आगे झुके पति ने पंचायत के बीच ही उसकी शादी उसके प्रेमी से करवा दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर जिले के देसुआ गांव की रहने वाली महिला की शादी करीब साढ़े तीन साल पहले वैशाली जिले के एक युवक से हुई थी। शादी के बाद दंपती के दो बच्चे हुए, हालांकि बीमारी के कारण एक बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बाद दोनों अपने एक बच्चे के साथ सामान्य जीवन जी रहे थे।

इसी बीच महिला का संपर्क सोशल मीडिया के जरिए समस्तीपुर जिले के वीरनामा पंचायत अंतर्गत सुपौल गांव के एक युवक से हुआ, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। जब इस रिश्ते की जानकारी पति को हुई तो परिवार में विवाद शुरू हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने कई बार महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही।

मामले के समाधान के लिए आखिरकार वीरनामा पंचायत सरकार भवन में पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों के परिजन और ग्रामीण शामिल हुए। पंचायत के दौरान महिला को पति के साथ रहने और सामाजिक मर्यादाओं का हवाला देकर समझाया गया, लेकिन उसने साफ शब्दों में अपने प्रेमी के साथ ही रहने की इच्छा जाहिर की।

काफी देर चली पंचायत के बाद पति ने एक शर्त रखी कि उनका बेटा उसके पास रहेगा, तभी वह पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराने को तैयार होगा। इस पर महिला ने पंचायत में ही बच्चे को पति के हवाले कर दिया। इसके बाद पति ने पत्नी का हाथ पकड़कर प्रेमी के हाथ में सौंप दिया और पंचायत की मौजूदगी में दोनों की शादी करवा दी।

हालांकि पंचायत में मौजूद कुछ जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस फैसले को उचित नहीं ठहराया, लेकिन हालात को देखते हुए इसे अंतिम समाधान माना गया। शादी के दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो भी बनाया, जिसमें महिला और उसका प्रेमी खुश नजर आ रहे हैं। शादी के बाद पति अपने बच्चे को लेकर घर लौट गया।

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिस पर लोग पक्ष और विपक्ष में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक वर्ग जहाँ इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता तो दूसरा वर्ग इसे सामाजिक मर्यादाओं के टकराव के रूप में देख रहे हैं।

Share This Article