आरा में बाइक मैकेनिक की गोली मारकर हत्या, घर लौटने के दौरान बदमाशों ने बनाया निशाना

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: आरा, 02 अप्रैल। बिहार के आरा शहर में बुधवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना टाउन थाना क्षेत्र के पश्चिम टोला मोहल्ले की है, जहां बाइक सर्विसिंग का काम करने वाले 22 वर्षीय युवक को करीब से दो गोलियां मारी गईं। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतक की पहचान चौधरीयाना मोहल्ला वार्ड नंबर-9 निवासी मो. सगीर के पुत्र मो. अफरोज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अफरोज बुधवार को पटना से बाइक के पार्ट्स खरीदकर वापस लौट रहा था। रात में ट्रेन से उतरने के बाद वह पश्चिम टोला होते हुए अपने घर जा रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों के बीच झगड़ा हो रहा था।

इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने अफरोज पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उसे दो गोलियां लगीं—एक बाएं हाथ में और दूसरी पसली (पंजरी) में। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उसे तत्काल आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की तहकीकात में जुटी है।

बताया जाता है कि अफरोज अपने परिवार में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में मां रजिया परवीन, दो बहनें—मुस्कान और नाहिद, तथा एक भाई समीर हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share This Article