होली से पहले पटना में बर्ड फ्लू की पुष्टि, हजारों मुर्गियां मारी गईं; Zoo को किया गया बंद

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: होली से ठीक पहले राजधानी पटना में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि होने से हड़कंप मच गया है। पीसी कॉलोनी, कंकड़बाग के जू-सेक्टर पार्क और पटना हाईकोर्ट परिसर में अचानक कौओं और मुर्गियों की मौत के बाद प्रशासन ने सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे थे। अब आई रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हो गई है।

रिपोर्ट मिलते ही जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग अलर्ट मोड में आ गए। जिन इलाकों में पक्षियों की मौत हुई, उनके आसपास एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। संक्रमण पर रोक लगाने के लिए एहतियातन 4,575 मुर्गियों को मार दिया गया है। साथ ही 9,662 अंडे और करीब 530 किलोग्राम दाना नष्ट किया गया है।

संजय गांधी जैविक उद्यान ( PATNA ZOO) को एहतियातन एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। जू-सेक्टर पार्क में भी आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पूरे प्रभावित इलाके में दवा का छिड़काव कराया जा रहा है और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें। कहीं भी मृत पक्षी दिखाई दें तो उन्हें छूने से बचें और तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। चिकन और अंडे का सेवन अच्छी तरह पकाकर करने की सलाह दी गई है।

अधिकारियों ने अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने को कहा है। होली के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और मेडिकल व पशु चिकित्सा टीमों को तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भागलपुर, कटिहार और पटना में कौओं में बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं। अब पोल्ट्री फार्म में संक्रमण मिलने से खतरा बढ़ गया है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Share This Article