पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के मढ़िया गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल 68 वर्षीय बुजुर्ग लक्ष्मी चौधरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं और जीएमसीएच, बेतिया में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, तीन कट्ठा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच करीब ढाई साल से विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि न्यायालय का फैसला लक्ष्मी चौधरी के पक्ष में आने के बाद प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में उन्हें जमीन पर कब्जा दिलाया था।
आरोप है कि मंगलवार दोपहर जमीन पर काम करने के दौरान पड़ोसियों ने दंपती के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी चौधरी को पहले नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल और फिर जीएमसीएच, बेतिया रेफर किया गया, जहां रात करीब दस बजे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में तनाव है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक आरोपी साहेब पासवान को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-