NEWS PR डेस्क: बिहार के सीवान जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजे जाने की सूचना है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं।
धमकी की जानकारी मिलते ही सीवान पुलिस ने पूरे कोर्ट परिसर को घेर लिया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। हालात की नाजुकता को देखते हुए खुद सीवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। एहतियातन कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
सुरक्षा के मद्देनज़र कोर्ट कैंपस में आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को तैनात किया गया है, जो हर कोने की गहन तलाशी ले रहे हैं। इसके अलावा डीएसपी स्तर के कई अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर जांच में जुटे हुए हैं।
वहीं, साइबर डीएसपी की टीम धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मेल किस स्थान से और किस व्यक्ति ने भेजा है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।