बिहार के हर जिले में होगी उद्योग की स्थापना, अगले पांच साल में एक करोड़ नौकरी-रोजगार का लक्ष्य

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना/बेगूसराय। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समृद्धि यात्रा के दौरान बेगूसराय और शेखपुरा में कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए जल्द ही बेगूसराय में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में काम शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही पटना से हल्दिया जलमार्ग को भी विकसित करने की योजना है, जिससे परिवहन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

बेगूसराय के बियाडा (BIADA) परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के हर जिले में उद्योग स्थापित करने की योजना पर सरकार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में 50 लाख से अधिक लोगों को नौकरी और रोजगार दिया गया है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि बेगूसराय ऐतिहासिक रूप से औद्योगिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह ने यहां उद्योगों की नींव रखी थी और अब केंद्र सरकार के सहयोग से यहां उर्वरक क्षेत्र में करीब 40 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। इसके अलावा जिले में कई छोटे-बड़े उद्योग भी संचालित हो रहे हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

उन्होंने कहा कि राज्य में आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव हुए हैं। पहले पटना से बेगूसराय जाने में चार से पांच घंटे लगते थे, जबकि अब यह दूरी डेढ़ से दो घंटे में तय हो रही है। हल्दिया-रक्सौल एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद बेगूसराय से कोलकाता की दूरी भी काफी कम हो जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सिमरिया घाट का विकास हरिद्वार की तर्ज पर किया गया है और सड़क व रेल नेटवर्क के विस्तार के साथ-साथ अब एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में भी पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि पटना-हल्दिया जलमार्ग को और सुगम बनाने की योजना से व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, लेकिन एनडीए सरकार के प्रयासों से आज राज्य में करीब 1 लाख 40 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण हो चुका है। उन्होंने बताया कि राज्य का बजट जो कभी करीब छह हजार करोड़ रुपये था, वह अब बढ़कर लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये हो गया है।

बिजली क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले बिहार में केवल 17 लाख बिजली उपभोक्ता थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 2 करोड़ 16 लाख हो गई है। राज्य में 22 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है और 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की योजना से लगभग 88 प्रतिशत उपभोक्ताओं का बिल शून्य आ रहा है।

शेखपुरा में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह की जन्मस्थली में आकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि श्री बाबू ने विकास की नींव रखी थी, कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार इन दोनों विचारों को आगे बढ़ाते हुए बिहार को विकास की नई दिशा दे रही है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article