NEWS PR डेस्क: बिहार के गोपालगंज जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजस्थान के दो युवकों को विवाह का झांसा देकर करीब पांच लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि शादी की रस्में पूरी होने के बाद विदाई के दौरान बदमाशों ने दूल्हों के साथ मारपीट की और दोनों युवतियां गिरोह के साथ फरार हो गईं। मामले की शिकायत नगर थाना में दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच में जुटी है।
राजस्थान के जयपुर (सांगानेर) निवासी अंकित कुमार और सवाई माधोपुर के प्रिंस विवाह के इच्छुक थे।

उनके परिचित एक कथित दलाल ने बिहार में शादी कराने का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि दलाल ने दोनों से दो-दो लाख रुपये नकद लिए, जबकि शादी के खर्च के नाम पर पचास-पचास हजार रुपये अतिरिक्त वसूले गए। तय योजना के तहत दोनों युवक सोमवार सुबह परिजनों के साथ बस से गोपालगंज पहुंचे।
मैरेज हॉल में कराई गई शादी
गोपालगंज पहुंचने पर बंजारी मोड़ से दलाल के सहयोगी उन्हें जादोपुर रोड स्थित एक मैरेज हॉल में ले गए। वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उनका स्वागत किया। भोजन के बाद दो युवतियों को बुलाया गया, जिन्होंने शादी के लिए सहमति जताई। पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया और वर-वधू ने परिजनों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
रास्ते में हमला, दुल्हनें फरार
शादी के बाद दोनों युवक अपनी-अपनी दुल्हनों के साथ ऑटो से बस स्टैंड के लिए निकले। आरोप है कि बंजारी मोड़ के पास दो बाइक पर सवार चार युवकों ने ऑटो रोक लिया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर दूल्हों से मारपीट की और उनका सामान छीन लिया। इसी दौरान दोनों दुल्हनें भी बाइक सवारों के साथ फरार हो गईं। पीड़ितों का कहना है कि दुल्हनें भी इस साजिश में शामिल थीं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद दोनों युवक नगर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों ने कथित दलाल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी आरोपों की पड़ताल की जा रही है। मैरेज हॉल से जुड़े लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
फर्जी शादी गिरोह की आशंका
सूत्रों के मुताबिक, जिले में दूसरे राज्यों के युवकों को बुलाकर फर्जी शादी कराने और ठगी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि शादी के बाद दुल्हन या तो साथ जाने से मना कर देती है या फिर गिरोह के साथ मिलकर फरार हो जाती है। करीब एक सप्ताह पहले भी राजस्थान के एक व्यक्ति के साथ इसी तरह की घटना सामने आई थी।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस तरह की ठगी पर लगाम लगाने की तैयारी में जुटी है।