बेतिया बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार, बेतिया में मतदान दलों की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसकी संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी तरनजोत सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम एवं बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने की।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने, मतदान समय पर शुरू कराने तथा मतपेटिकाओं और मतपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर नियंत्रण और ऑनलाइन रिपोर्टिंग समय पर करने पर जोर दिया।
एसएसपी कुमार गौतम ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। वहीं, एसपी राजेश कुमार ने सभी कर्मियों को समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने का निर्देश दिया। ब्रीफिंग में डीडीसी काजले वैभव नितिन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-