NEWS PR डेस्क : बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोट डाले जा रहे हैं। इस बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने विक्ट्री साइन दिखाकर जीत का भरोसा जताया। वहीं, उनके विरोध में प्रचार कर रहे अनंत सिंह ने भी जीत का दावा किया है। दोनों नेताओं के बीच चुनाव प्रचार के दौरान जुबानी जंग देखने को मिली थी।
अनंत सिंह ने भी किया जीत का दावा
वहीं नीरज कुमार का विरोध कर रहे अनंत सिंह ने भी चुनाव में अपनी जीत का भरोसा जताया। जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या वह वोटरों के लिए रसगुल्ले बनवा रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि यह रसगुल्ले वाला चुनाव नहीं है। अलग-अलग इलाकों के लोग मतदान कर रहे हैं और रसगुल्ले पहुंचाने में ही काफी खर्च हो जाएगा।अनंत सिंह ने इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना गुरु बताया। साथ ही कहा कि जनता मालिक है और उनकी जीत होगी।
नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच रहा सियासी टकराव
एमएलसी चुनाव के प्रचार के दौरान नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच लगातार बयानबाजी देखने को मिली। अनंत सिंह शुरुआत से ही नीरज कुमार का विरोध करते रहे हैं। वह जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में भी लोगों से वोट देने की अपील करते नजर आए।ऐसे में अब मतदान के बीच दोनों पक्षों की नजरें चुनावी नतीजों पर टिकी हैं।
नवल किशोर यादव की पत्नी ने भी डाला वोट
पटना के कई मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से ही वोटिंग जारी है। इस बीच पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी नवल किशोर यादव की पत्नी ने भी मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने नवल किशोर यादव की जीत का दावा किया।
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए कुल 150 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मतदान के साथ ही प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो रही है। अब सभी की नजरें चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।
MLC Election 2026: वोटिंग के बीच नीरज कुमार ने दिखाया विक्ट्री साइन, अनंत सिंह ने भी किया जीत का दावा