NEWS PR डेस्क : नितीश कुमार ने राज्य में पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पांच अहम निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के तहत सड़कों पर बेहतर फुटपाथ निर्माण, जेब्रा क्रॉसिंग की व्यवस्था, फुट ओवर ब्रिज और अंडरपास का विकास, साथ ही दुर्घटना संभावित इलाकों में जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया है।
नीतीश कुमार ने शनिवार सुबह एक अहम घोषणा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विस्तृत पोस्ट साझा की। उन्होंने राज्य के परिवहन विभाग को पांच प्रमुख बिंदुओं में निर्देश जारी किए, जिनका उद्देश्य सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा सुनिश्चित करना है।
सीएम ने बताया कि 20 नवंबर 2025 को नई सरकार के गठन के बाद ‘सात निश्चय-3 (2025-30)’ के कार्यक्रमों को लागू किया गया है। इसके सातवें संकल्प ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ के तहत आम नागरिकों के दैनिक जीवन को सुगम बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पैदल यात्रियों के सम्मान (Dignity of Pedestrians) और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में आय बढ़ने के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे पैदल चलने वालों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से सड़क पर चलना उनका पहला अधिकार है, और इसे सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग को निम्न निर्देश दिए गए हैं:
शहरी क्षेत्रों, विशेषकर भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिह्नित कर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप जल्द से जल्द फुटपाथ का निर्माण।
तय स्थानों पर पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए जेब्रा क्रॉसिंग बनाना।
आवश्यक जगहों पर फुट ओवर ब्रिज/एस्केलेटर और अंडरपास की व्यवस्था करना।
सरकारी और निजी वाहन चालकों को प्रशिक्षण देना, ताकि वे पैदल यात्रियों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनें।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट’ को चिह्नित कर वहां फुटपाथ और सीसीटीवी कैमरे लगाना, जिससे दुर्घटनाओं पर निगरानी रखकर उन्हें कम किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन सभी व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द लागू करने के लिए विभाग को तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल राज्य के पैदल यात्रियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी और उनके जीवन को अधिक सुरक्षित व आसान बनाएगी।