NEWS PR डेस्क: पटना, 11 जुलाई: बिहार में शहरी विकास को नई गति देने की दिशा में रविवार को बड़ा कदम उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नगर विकास एवं आवास विभाग, बुडको और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत करीब 1,046 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 विकास योजनाओं की शुरुआत होगी।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य के शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना और नागरिकों को बेहतर शहरी सेवाएं उपलब्ध कराना है। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं के पूरा होने से शहरों में सड़क, जल निकासी, बुनियादी ढांचे और अन्य नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इसी कड़ी में नगर विकास एवं आवास विभाग राज्य में लगभग एक लाख करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की दिशा में भी काम कर रहा है। प्रस्तावित टाउनशिप को आधुनिक शहरी जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की योजना है, ताकि भविष्य में बढ़ती आबादी और शहरीकरण की चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना किया जा सके।

सरकार का कहना है कि इन पहलों से बिहार के शहरों को योजनाबद्ध विकास की नई दिशा मिलेगी। आधुनिक सड़कें, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, स्मार्ट शहरी सुविधाएं और मजबूत आधारभूत संरचना के जरिए नागरिकों को अधिक सुविधाजनक और बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर विकास एवं आवास विभाग के अनुसार, ये परियोजनाएं राज्य में आधुनिक, व्यवस्थित और टिकाऊ शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी तथा ‘विकसित भारत–समृद्ध बिहार’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
