NEWS PR डेस्क:बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की सरगर्मी के बीच जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने बिहार सरकार को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया है। उन्होंने कहा है कि राज्य में मौजूदा सरकार बहुत जल्द बदल सकती है, जिसके बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

तेज प्रताप यादव ने शुक्रवार को एनडीए की बैठक के बाद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए सरकार गिरने की भविष्यवाणी की। उन्होंने लिखा, “बिहार में बहुत जल्दी सरकार गिरने वाली है। ये मैंने आपको कहा था, भविष्यवाणी किया था। मैं वृंदावन में हूं। बहुत जल्दी बिहार में जो सरकार है, बदल जाएगी।”

इतना ही नहीं तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट के जरिए इशारा किया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में सहयोगी दलों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। हालांकि, तेज प्रताप यादव के इस दावे पर अभी तक एनडीए के किसी भी बड़े नेता की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, राजनीतिक जानकार इसे विपक्ष की ओर से सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर भी देख रहे हैं।
गौरतलब है कि शुक्रवार को पटना में एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, बिजेंद्र यादव, ललन सिंह, गिरिराज सिंह समेत एनडीए के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
इसी दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए के सभी घटक दलों के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक की थी। इसमें संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल, जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी और राज्य के विकास कार्यों को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। फिलहाल तेज प्रताप यादव के इस दावे के बाद बिहार की सियासत में बयानबाजी और चर्चाओं का दौर जारी है।
