NEWS PR डेस्क:पटना। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि राज्य के शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केन्द्र प्रायोजित अटल नवीकरण एवं शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत 2.0) के तहत किशनगंज एवं लखीसराय जलापूर्ति परियोजनाओं को मंत्रिपरिषद से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

नीतीश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने और प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अमृत 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत ये परियोजनाएं न केवल शहरी जलापूर्ति व्यवस्था को नई मजबूती देंगी, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार, बेहतर स्वास्थ्य और सतत शहरी विकास के लक्ष्य को भी गति प्रदान करेंगी।
इन दोनों परियोजनाओं के क्रियान्वयन से हजारों शहरी परिवारों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा तथा शहरों में जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनेगी। नीतीश मिश्रा ने बताया कि किशनगंज जलापूर्ति परियोजना के लिए ₹53,71,47,500 ( तिरेपन करोड़ इकहत्तर लाख सैंतालीस हज़ार पाँच सौ रू०) की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
इस परियोजना के अंतर्गत 3,892 गृह जल संयोजन उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही 14 नए बोरवेल (इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्य सहित) का निर्माण, पूर्व से स्थापित 10 बोरवेलों का इलेक्ट्रो-मैकेनिकल उन्नयन, 14 आयरन रिमूवल प्लांट की स्थापना एवं 7 पंप हाउस का निर्माण किया जाएगा।
इसके साथ ही 110 से 1,958 किलोलीटर क्षमता के 5 नए जलमीनारों का निर्माण, 720 मीटर क्लियर वाटर राइजिंग मेन तथा 178.21 किलोमीटर लंबा जल वितरण नेटवर्क विकसित किया जाएगा। परियोजना पूर्ण होने के बाद किशनगंज शहरी क्षेत्र के हजारों परिवारों को सुगम एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
नीतीश मिश्रा ने बताया कि लखीसराय जलापूर्ति परियोजना के लिए ₹150,96,82,900 (एक सौ पचास करोड़ छियानवे लाख बयासी हज़ार नौ सौ रू०) की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के तहत 7,168 गृह जल संयोजन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 36.119 एम.एल.डी.(मिलियन लीटर /डे) क्षमता के इंटेक वेल, 35 एम.एल.डी. क्षमता के आधुनिक जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यू.टी.पी.), 1,040 से 1,550 किलोलीटर क्षमता के 5 नए जलमीनार का निर्माण किया जाएगा।
इसके साथ ही 4.71 किलोमीटर रॉ वाटर राइजिंग मेन, 12.773 किलोमीटर क्लियर वाटर राइजिंग मेन, 212.326 किलोमीटर जल वितरण नेटवर्क तथा अत्याधुनिक SCADA (सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डेटा एक्विजिशन) प्रणाली की स्थापना की जाएगी। परियोजना से लखीसराय शहर में जलापूर्ति व्यवस्था अधिक सक्षम, आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनेगी।
