लता मंगेशकर के निधन पर सीएम नीतीश ने जताया दुख, बताया अपूरणीय क्षति

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। भारतरत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर का आज निधन हो गया । 92 साल की उम्र में लता मंगेशकर ने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर देश में दो दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया। वहीं निधन की खबर सुनकर पूरे बिहार में शोक की लहर दौड़ गई। बच्चे, बुजुर्ग से लेकर युवाओं तक के लिए यह सूचना सदमे से कम नहीं है। लता दी ने हिंदी के अलावा मैथिली और भोजपुरी गाने को भी अपनी आवाज दी थीं।

उनके निधन पर सीएम नीतीश कुमार ने भी दुख व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन दु:खद है। लता मंगेशकर जी प्रख्‍यात पार्श्‍वगायिका थीं। उन्हें भारत रत्न, पद्म विभूषण, दादा साहब फाल्‍के, जैसे पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। वे राज्यसभा की सदस्य रह चुकी थीं। उन्होंने कहा कि आने वाले पीढ़ियां लता मंगेशकर जी को भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी। उनका निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना है।

वहीं इनके निधन पर बिहार के डिप्टी सीएम संग कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया। बिहार के डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने लिखा है, ‘राष्ट्र की अमुल्य निधि, सुप्रसिद्ध गायिका,स्वर कोकिला लता मंगेशकर (लता दीदी) के निधन की ख़बर मन को झकझोर देने वाली है। उनके जाने से कला जगत के एक हीरा का अवसान हो गया है। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में स्थान दें। वहीं डिप्टी सीएम रेणु देवी ने लिखा कि ‘स्वर कोकिला ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर जी के निधन की खब़र अत्यंत ही दुःखद है। उनका निधन पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं परिजनों एवं प्रशंसकों को सहनशक्ति प्रदान करें।’

Share This Article