02 जून को 36 पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर, तैयारियों को लेकर डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 24 मई। जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 02 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 19 मई को आयोजित सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जानकारी दी गई कि 44 विभागों में कुल 2759 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 1095 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। सभी आवेदनों और उनके निष्पादन की जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जा रही है।

डीएम कौशल कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान करना है और इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

बैठक में बताया गया कि 02 जून को जिले के सभी 18 प्रखंडों की कुल 36 पंचायतों में सहयोग शिविर लगाया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर से पहले आवेदन प्राप्त करने के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए और सभी आवेदनों को पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर 22 नोडल पदाधिकारियों की तैनाती की गई है, जो शिविर की गतिविधियों की निगरानी करेंगे।

डीएम ने कहा कि शिविर में आने वाले लोगों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी की जिम्मेदारी होगी। प्रत्येक पंचायत में 15 काउंटर लगाए जाएंगे। इसके अलावा ऐसे लोगों की सहायता के लिए विशेष काउंटर भी रहेगा, जिन्हें आवेदन लिखने में कठिनाई होती है। हेल्पलाइन काउंटर की भी व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर के दिन सभी पदाधिकारी और कर्मी सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही प्रत्येक स्टॉल पर आवेदनों के संधारण के लिए अलग-अलग पंजी रखने और पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article