मोतिहारी में अपराधियों का तांडव: 30 लाख की डकैती के बाद पूर्व सैनिक के घर 12 लाख की चोरी, इलाके में दहशत

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के चिरैया थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परतापुर गांव में 30 लाख रुपये की डकैती की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब एक पूर्व सैनिक के बंद घर में करीब 12 लाख रुपये की चोरी की वारदात सामने आई है। लगातार हुई इन दो बड़ी घटनाओं से पूरे इलाके में भय का माहौल है, जबकि पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।

बैद्यनाथधाम गए थे पूर्व सैनिक, पीछे से चोरों ने साफ कर दिया घर
जानकारी के अनुसार, परतापुर निवासी और सेना से सेवानिवृत्त प्रेमशंकर सिंह अपनी पत्नी रंभा देवी के साथ झारखंड स्थित बैद्यनाथधाम गए हुए थे। उन्हें एक रिश्तेदार के यहां आयोजित ‘लखराव पूजा’ समारोह में शामिल होना था। इसी दौरान घर खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →


घर लौटे तो टूटा मिला ताला, बिखरा पड़ा था सामान
सुबह करीब 8:30 बजे जब दंपती घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे, अलमारियां और पेटियां खुली पड़ी थीं तथा पूरा सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित प्रेमशंकर सिंह के अनुसार, चोर घर से 95 हजार रुपये नकद, 6 भर सोने के आभूषण और 75 भर चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 11.5 से 12 लाख रुपये आंकी गई है।


30 लाख की डकैती से जोड़कर देखी जा रही घटना
पूर्व सैनिक का कहना है कि जिस रात गांव के ही हीराचंद्र मिश्र के घर करीब 30 लाख रुपये की डकैती हुई थी, संभव है उसी रात उनके सूने घर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया हो। उनका मानना है कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है।


पुलिस ने शुरू की जांच, STF और डॉग स्क्वायड भी सक्रिय
घटना की सूचना मिलते ही चिरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी अंबेश कुमार ने बताया कि पूर्व सैनिक के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है। मामले की जांच में एसटीएफ, डॉग स्क्वायड और स्थानीय पुलिस की टीम जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
इलाके में बढ़ी चिंता
एक ही गांव में लगातार हुई दो बड़ी आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है।मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट ।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article