NEWS PR डेस्क: पटना के फुलवारी शरीफ से बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ईसापुर नहर इलाके में खाना बनाने के दौरान सिलेंडर में अचानक ब्लास्ट हो गया। विस्फोट के बाद मकान में भीषण आग फैल गई। आग की चपेट में आने से एक महिला की जलकर मौत हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में उसका पति भी झुलस गया। हादसे के दौरान महिला के तीन बच्चों ने किसी तरह मकान से कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, ईसापुर नहर पर मो. शहाब के तीन मंजिला मकान में मो. मन्नान अपनी पत्नी रेहाना खातून और तीन बच्चों के साथ किराये पर रहते थे। बुधवार को मकान की ऊपरी मंजिल पर बने छोटे से किचेन में रेहाना खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक खाना बनाने वाले सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। देखते ही देखते किचेन में आग की लपटें फैल गईं और रेहाना आग के बीच फंस गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के समय मो. मन्नान मकान के नीचे मौजूद थे। धमाके और आग की जानकारी मिलते ही वह पत्नी को बचाने के लिए ऊपर पहुंचे, लेकिन इस दौरान उनका हाथ झुलस गया। वहीं, उनके तीनों बच्चों ने किसी तरह मकान से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आधा दर्जन दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग
आग की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधा दर्जन दमकल गाड़ियों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घनी आबादी वाले इलाके में आग लगने से काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
आग बुझने के बाद रेहाना खातून का शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आग में परिवार का पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घर में रखे कपड़े, अनाज, रुपये, जेवरात, जरूरी कागजात समेत अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। हादसे से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। सिलेंडर में ब्लास्ट किस वजह से हुआ, इसका वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट
फुलवारी शरीफ में खाना बनाते समय सिलेंडर में धमाका, महिला की मौत, तीन बच्चों ने कूदकर बचाई जान