NEWS PR डेस्क: दानापुर: अग्निवीर भर्ती रैली 2026 को लेकर दानापुर छावनी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक दानापुर छावनी स्थित KLP मैदान में भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय दानापुर की निदेशक कर्नल बिंदु अग्निहोत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भर्ती प्रक्रिया, तिथि और अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देशों की जानकारी दी।
11,000 से ज्यादा पुरुष अभ्यर्थी होंगे शामिल
इस भर्ती रैली में 11,042 पुरुष और 253 महिला अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। भर्ती प्रक्रिया में सिर्फ वही अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) में सफलता हासिल कर शॉर्टलिस्ट हुए हैं।
किस तारीख को किसकी भर्ती?
दानापुर अग्निवीर भर्ती रैली का कार्यक्रम पद और क्षेत्र के अनुसार निर्धारित किया गया है। 22 से 25 सितंबर तक अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए पटना, बक्सर, भोजपुर, सीवान, सारण, गोपालगंज और वैशाली के शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 26 से 29 सितंबर तक अग्निवीर टेक्निकल पद के लिए भर्ती प्रक्रिया चलेगी। 30 सितंबर को अग्निवीर ट्रेड्समैन के लिए 8वीं और 10वीं श्रेणी के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
वहीं 1 अक्टूबर को झारखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर क्लर्क भर्ती आयोजित की जाएगी, जबकि 2 और 3 अक्टूबर को बिहार के अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों की अग्निवीर क्लर्क भर्ती होगी। 4 अक्टूबर को एआरओ गया क्षेत्र के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 5 अक्टूबर को रिजर्व डे रखा गया है। वहीं 6 अक्टूबर को बिहार और झारखंड की महिला अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर वूमेन मिलिट्री पुलिस भर्ती होगी।
भर्ती में किन फिजिकल टेस्ट से गुजरना होगा?
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता की भी जांच की जाएगी। इसके तहत अभ्यर्थियों को 1.6 किलोमीटर दौड़, बीम, 9 फीट गड्ढा पार करने और जिग-जैग बैलेंसिंग टेस्ट में शामिल होना होगा। भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया और अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार इन शारीरिक परीक्षणों में हिस्सा लेना होगा।
एडमिट कार्ड और दस्तावेज रखना जरूरी
भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड के साथ सभी आवश्यक मूल प्रमाण पत्र और दस्तावेज लेकर निर्धारित समय पर भर्ती स्थल पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने एडमिट कार्ड में दर्ज निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और उसी के अनुसार भर्ती स्थल पर पहुंचें।दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट