NEWS PR डेस्क:बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और डेहरी ईओ हत्याकांड को लेकर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार हत्याकांड में लोजपा (रामविलास) विधायक सोनू सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच की आवश्यकता बताई।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि विधायक को बचाने के लिए सरकारी और पुलिस तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है। उनका कहना था कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार के करीब 150 दिनों के कार्यकाल में दो अधिकारियों की हत्या हो चुकी है, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
रंगदारी मांगने और मामले में संलिप्तता के आरोप
उन्होंने पुलिस जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले ही आईजी ने चालक को आरोपी कैसे मान लिया। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों ने विधायक सोनू सिंह समेत अन्य लोगों पर रंगदारी मांगने और मामले में संलिप्तता के आरोप लगाए हैं, लेकिन पुलिस उस पहलू की गंभीरता से जांच नहीं कर रही।
ड्राइवर सीएम की भी हत्या कर सकता है..
चालक द्वारा काम के दबाव में हत्या करने की थ्योरी पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने कहा कि यदि यही तर्क सही माना जाए, तो काम का दबाव किसी को भी हिंसा के लिए उकसा सकता है। उन्होंने कहा कि छुट्टी नहीं मिलेगी, काम का बोझ ज्यादा होगा तब तो वह ड्राइवर सीएम की भी हत्या कर सकता है। मेरे साथ भी ऐसा हो सकता है। उन्होंने इस दलील को पूरी तरह अव्यावहारिक और हास्यास्पद बताया।
एक से अधिक लोगों के हमले की ओर संकेत
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशान एक से अधिक लोगों के हमले की ओर संकेत करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चालक कई बार अपना बयान बदल चुका है, इसके बावजूद पुलिस उसी के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। साथ ही उन्होंने जांच प्रक्रिया और भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के पालन को लेकर भी सवाल उठाए तथा आईजी की भूमिका पर भी टिप्पणी की।
पीड़ित अधिकारी के परिवार से मिलने का समय नहीं …
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके पास सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने का समय है, लेकिन पीड़ित अधिकारी के परिवार से मिलने का समय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में मनचाही पोस्टिंग के लिए भ्रष्टाचार हो रहा है और कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। इस दौरान उन्होंने भरत तिवारी एनकाउंटर और बंटी यादव प्रकरण का भी उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी पार्टी जनता के फैसले का सम्मान करती है।
