NEWS PR डेस्क: पटना: पटना स्थित बिहार विधान सभा के केंद्रीय सभागार में गुरुवार को दो दिवसीय ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने दीप प्रज्वलित कर की।
यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ पहल के तहत किया जा रहा है, जिसमें राज्य के 37 जिलों से चयनित 184 युवा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि युवा संसद केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के भविष्य को दिशा देने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि जब युवा सक्रिय रूप से अपनी बात रखते हैं, तो लोकतंत्र मजबूत होता है और राष्ट्र आगे बढ़ता है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों के प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए एक जूरी का गठन किया गया है, जिसमें कई मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हैं। उनकी उपस्थिति से प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ा है।
इस दौरान युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, नीति निर्माण और नेतृत्व कौशल से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।