सुपौल में सहयोग शिविर का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, लाभुकों से सीधे संवाद

सुपौल प्रशासन की पहल, एक ही जगह मिल रही विभिन्न विभागों की सेवाएं

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क, सुपौल: सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुपौल जिला प्रशासन लगातार सहयोग शिविरों का आयोजन कर रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को निर्मली प्रखंड के बेला सिंगार मोती पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर का जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया और आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने शिविर में मौजूद लाभुकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताओं को भी सुना।
लाभुकों को ऑन-द-स्पॉट मिला जॉब कार्ड
शिविर के दौरान पात्र लाभुकों के बीच जिलाधिकारी सावन कुमार ने मौके पर ही जॉब कार्ड का वितरण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के मिल सके
सभी विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर
जिला प्रशासन के अनुसार, सहयोग शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विभिन्न विभागों की सेवाएं और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है और उनकी समस्याओं का समाधान भी तेजी से हो रहा है।
लोगों से अधिक संख्या में भागीदारी की अपील
प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। जिला प्रशासन का मानना है कि ऐसे शिविर सरकार और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के साथ-साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सुपौल से मो. अल्ताफ राजा की रिपोर्ट

Share This Article