डीएम कौशल कुमार ने ‘जनता के दरबार’ में सुनी 40 से अधिक फरियादें, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: दरभंगा: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में “जनता के दरबार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से 40 से अधिक परिवादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें 30 ऑनलाइन और 10 ऑफलाइन आवेदक शामिल थे।

जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र जांच और निष्पादन के निर्देश दिए गए।

कई विभागों से जुड़े मामले

आज प्राप्त आवेदनों में खाद्य आपूर्ति, शिक्षा, सामाजिक कल्याण, पंचायती राज, सहकारिता, परिवहन तथा पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। डीएम ने मामलों के त्वरित निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का निवारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। राज्य सरकार की मंशा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

जवाबदेही और संवेदनशीलता पर जोर

डीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता और जवाबदेही बरतें। प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, नजारत उप समाहर्ता पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article