NEWS PR डेस्क: पटना। राज्य सरकार की प्राथमिकता योजना ‘सात निश्चय-3’ के सातवें संकल्प “सबका सम्मान–जीवन आसान” (Ease of Living) के अंतर्गत पटना जिला प्रशासन ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी, पटना ने समाहरणालय में 47 नागरिकों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों पर सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार, केवल जिला मुख्यालय ही नहीं बल्कि जिलांतर्गत विभिन्न कार्यालयों में भी पदाधिकारियों ने आमजन से मिलकर उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करना और सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना है।
सप्ताह में दो दिन तय जनसुनवाई
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में आम लोग अपनी शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी से उनके कार्यालय कक्ष में निर्धारित समय पर मिल सकते हैं। अधिकारियों को राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर फोकस
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशों और उद्देश्यों के अनुरूप जिला प्रशासन पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के लिए समय-समय पर ठोस कदम उठा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता को सरकारी कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र सजग और तत्पर है।