समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्णिया को दी 485 करोड़ रुपये की सौगात

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना/पूर्णिया, 12 मार्च 2026। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में गुरुवार को पूर्णिया जिले का दौरा कर 485 करोड़ रुपये की 92 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 164 करोड़ रुपये की लागत से 84 योजनाओं का उद्घाटन तथा 321 करोड़ रुपये की लागत से 8 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्णिया स्थित मां पूरण देवी मंदिर परिसर पहुंचकर वहां चल रहे सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेट हाईवे-60 से पूरण देवी मंदिर तक बने नए दो लेन पथ तथा लाइन बाजार चौक से पॉलिटेक्निक चौक तक सड़क मजबूतीकरण कार्य का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन किया। इसके अलावा भूतहा मोड़ से मिल्लिया पॉलिटेक्निक कॉलेज तक आरओबी सहित बाईपास पथ निर्माण और एसएच-65 (बनभाग चौक) से बिशनपुर धर्मकांटा तक सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत मंदिर परिसर स्थित पोखर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने झिझिया नृत्य प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। बिहार बाल भवन ‘किलकारी’ द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी उन्होंने अवलोकन किया।

प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इनमें कारीकोशी नदी पर बांध सह सड़क निर्माण, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का निर्माण, रंगभूमि मैदान में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, धमदाहा से पूर्णिया एसएच-65 का फोर लेन विस्तार, भूतहा बाईपास पथ का निर्माण तथा विभिन्न प्रखंडों में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंदिर परिसर के विकास कार्य श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर ढंग से कराए जाएं और सभी योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के जिला स्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और पशुपालकों से संवाद किया। पशुपालकों ने राज्य में कृषि और पशुपालन क्षेत्र में हुए विकास के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है और आगे भी हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और लाभार्थियों को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना का सांकेतिक चेक, दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल तथा 13,082 जीविका स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय समावेशन के तहत 261 करोड़ 65 लाख 97 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार, विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, विधायक कलाधर प्रसाद मंडल, विधायक विजय कुमार खेमका सहित कई जनप्रतिनिधि और वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article