NEWS PR डेस्क: पटना, 11 मार्च 2026। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में बुधवार को किशनगंज जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का जायजा लिया और जिले को 235 करोड़ रुपये की 122 योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 102 करोड़ रुपये की लागत से 49 योजनाओं का उद्घाटन और 133 करोड़ रुपये की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ठाकुरगंज प्रखंड के धर्मकांटा चौक के पास निर्माणाधीन ठाकुरगंज बाइपास (कटहलडांगी से धर्मकांटा चौक तक) सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाइपास का निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके और आवागमन सुगम हो सके।
मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की और संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। इन योजनाओं में ठाकुरगंज बाइपास पथ का निर्माण, रमजान नदी का डिसिल्टेशन और सौंदर्यीकरण, खगड़ा में नए विद्युत शक्ति उपकेंद्र का निर्माण, किशनगंज-बहादुरगंज उच्च पथ को फोर लेन से जोड़ने का कार्य, किशनगंज और पोठिया प्रखंड में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण, कनकई नदी पर आरसीसी पुल का निर्माण और महानंदा नदी पर पुल निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने ठाकुरगंज प्रखंड के चूरली में बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा निर्मित 220/132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र का निरीक्षण किया और नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जीविका दीदियों और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया और उनके कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 13,375 जीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के तहत 242 करोड़ 64 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। साथ ही 2,556 स्वयं सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत 21 करोड़ 23 लाख 20 हजार रुपये और 256 लाभार्थियों को सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 2 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का सांकेतिक चेक दिया। इसके अलावा लाभार्थियों को सामुदायिक पुस्तकालय सह करियर विकास केंद्र की चाभी, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का चेक, दिव्यांगजनों के लिए बैट्री चालित ट्राई साइकिल और विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता राशि भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम स्थल से मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर 133 करोड़ रुपये की लागत वाली 73 योजनाओं का शिलान्यास और 102 करोड़ रुपये की लागत वाली 49 योजनाओं का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, अल्पसंख्यक कल्याण सह किशनगंज जिले के प्रभारी मंत्री मो. जमा खान, विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल, बिहार राज्य शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन इरशाद अली आजाद सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेन्दर, अपर पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार, पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार, पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. कुमार आशीष, किशनगंज के जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद थे।