NEWS PR डेस्क: पटना, 13 मार्च 2026। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में शुक्रवार को खगड़िया नगर परिषद के वार्ड संख्या-39 स्थित संसारपुर मैदान में जिले में चल रही विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली गई।
समीक्षा बैठक में खगड़िया के जिलाधिकारी नवीन कुमार ने प्रगति यात्रा से जुड़ी योजनाओं, सात निश्चय-2 तथा सात निश्चय-3 के तहत चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। इसके साथ ही जिले में चल रहे अन्य विकास कार्यों की प्रगति से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा से संबंधित स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से किया जाए। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-2 के तहत चल रही योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू किया जाए और सात निश्चय-3 के अंतर्गत निर्धारित योजनाओं पर भी तेजी से काम शुरू किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 नवंबर 2025 को राज्य में नई सरकार के गठन के बाद बिहार को देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के उद्देश्य से सात निश्चय-3 कार्यक्रम लागू किया गया है। इसके सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (ईज ऑफ लिविंग)’ का लक्ष्य राज्य के नागरिकों के दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम करना और उनके जीवन को आसान बनाना है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि सभी लोगों को सम्मान मिले और उनका जीवन-यापन सरल हो। इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को लागू करने की जरूरत है, ताकि बिहार को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। उद्योग लगाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज और विभिन्न सुविधाएं दी जा रही हैं। सभी जिलों में उद्योग स्थापना के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है, जिससे युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्टार्टअप नीति भी लागू की गई है, ताकि वे अपना रोजगार शुरू कर सकें और राज्य के विकास में योगदान दे सकें।
समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, समाज कल्याण मंत्री एवं खगड़िया के प्रभारी मंत्री मदन सहनी, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, बेगूसराय प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार सिन्हा, जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।