NEWS PR डेस्क: पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना सिरपतपुर गांव में उस समय हुई जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी वहां इकट्ठा होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अपराधी की पहचान सारण जिले के तेलपा निवासी इंद्रमोहन सिंह के पुत्र सुंदरम उर्फ भोला के रूप में हुई है। उसके पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि अंतरराज्यीय गिरोह के कुछ अपराधी सिरपतपुर गांव में इकट्ठा होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

समय रहते मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने मौके से 1200 से अधिक जिंदा कारतूस और हथियार बरामद किए हैं।

गिरफ्तार अपराधियों में सारण के तेलपा निवासी द्वारिका सिंह के पुत्र सुजीत कुमार उर्फ गबरू, बाढ़ निवासी स्व. कृष्ण यादव के पुत्र सत्यरोहण यादव उर्फ भालू यादव और फतुहा के सोनारू निवासी पिंटू कुमार शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।