NEWS PR डेस्क : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पटना में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था 17 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे से 20 अक्टूबर की रात 10 बजे तक या यातायात सामान्य होने तक लागू रहेगी। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन और आवागमन के रास्तों में बदलाव किया गया है। हालांकि, एंबुलेंस, आपातकालीन वाहन, शव वाहन और पासधारक वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।
बेली रोड और राजाबाजार फ्लाईओवर पर बदला रूट
सगुना मोड़ से पटना एयरपोर्ट जाने वाले वाहन रुकनपुरा, राजाबाजार ओवरब्रिज के नीचे, जगदेव पथ और बीएमपी होते हुए जा सकेंगे। वहीं, हड़ताली मोड़ और आयकर गोलंबर जाने वाले वाहन राजाबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेंगे। दीघा, राजीव नगर और पाटलिपुत्र जाने वाले वाहन आशियाना मोड़ से बाएं मुड़कर आशियाना-दीघा रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे।
राजीव नगर और दीघा से सगुना मोड़ जाने वाले वाहन पासपोर्ट ऑफिस से मौर्या पथ, अंबेडकर पथ और बेली रोड होते हुए जाएंगे। एयरपोर्ट जाने के लिए राजीव नगर नाला किनारे की सड़क, केशरी नगर, राजीव नगर आरओबी के नीचे और अटल पथ का रास्ता निर्धारित किया गया है।
डुमरा टीओपी और हड़ताली चौक से जाने का रास्ता
डुमरा टीओपी से सगुना मोड़ की ओर जाने वाली छोटी गाड़ियां बेली रोड पर डुमरा टीओपी तक जाएंगी। वहां से बाएं मुड़कर एयरपोर्ट, बीआईटी और फुलवारीशरीफ की ओर जा सकेंगी। राजीव नगर, दीघा, आशियाना नगर, एजी कॉलोनी और समनपुरा जाने वाले वाहन पिलर नंबर 91 से दाएं यू-टर्न लेकर जेडी विमेंस कॉलेज और आईजीआईएमएस के बगल से एजी कॉलोनी रोड होते हुए निकलेंगे। हड़ताली चौक से सगुना मोड़ जाने वाले वाहन राजवंशीनगर, चिड़ियाखाना और बेली रोड फ्लाईओवर के ऊपर से जा सकेंगे।
मालवाहक और भारी वाहनों पर रोक
17 से 20 अक्टूबर तक पटना नगर निगम क्षेत्र में बस, ट्रक, ट्रैक्टर और टाटा 407 समेत मालवाहक एवं यात्री वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। यह नियम सरकारी, गैरसरकारी, अर्धसरकारी और निजी वाहनों पर लागू होगा। मेट्रो और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े भारी वाहनों पर 21 अक्टूबर तक रोक रहेगी।
दानापुर से आने वाले बड़े वाहन अशोक राजपथ में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इन्हें दानापुर कैंट से सगुना मोड़ होते हुए खगौल-दानापुर स्टेशन की ओर जाना होगा। वहीं, दानापुर स्टेशन से बिहटा जाने वाले भारी वाहन नेउरा के रास्ते बिहटा और आरा की ओर जा सकेंगे।
पटना में भारी वाहनों की एंट्री बंद, दुर्गापूजा पर इन रास्तों से करें सफर