पटना के दानापुर में बाउंड्री के अंदर मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना में अपराध की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दानापुर थाना क्षेत्र के अशोपुर स्थित एक बाउंड्री के अंदर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव लखनी बीघा पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर बरामद किया गया। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ईंट-पत्थरों से हमला कर हत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसके सिर और चेहरे पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की ईंट-पत्थरों से प्रहार कर हत्या की गई और बाद में शव को बाउंड्री के अंदर छिपा दिया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
FSL टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
दानापुर एएसपी अजीत कुमार ने बताया कि लखनी बीघा-अशोपुर इलाके में एक बाउंड्री के अंदर व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में सिर और चेहरे पर चोट के कई निशान मिले हैं। घटनास्थल की स्थिति के आधार पर हत्या कर शव छिपाए जाने की आशंका है। हालांकि, मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिलेगी।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि मृतक की पहचान और घटना से जुड़े संदिग्धों के बारे में जानकारी मिल सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article