NEWS PR डेस्क : पटना: मसौढ़ी थाना क्षेत्र के कैलूचक मोहल्ले में मंगलवार देर रात एक महिला शिक्षिका की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला उस वक्त अपने घर में अकेली थीं। बुधवार सुबह परिजनों ने घर के एक कमरे में उनका शव बिस्तर पर पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान कैलूचक निवासी ज्ञानचंद चौधरी की पत्नी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है। वह पुनपुन प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सहवाजपुर में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। उनके पति ज्ञानचंद चौधरी गया के टेकारी में ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता हैं।
फोन नहीं उठा तो बेटे को भेजा घर
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह ज्ञानचंद चौधरी ने अपनी पत्नी को कई बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने स्कूल के प्राचार्य ब्रजेश कुमार से संपर्क किया। वहां से जानकारी मिली कि लक्ष्मी कुमारी बुधवार को विद्यालय नहीं पहुंची थीं। इसके बाद आशंका होने पर उन्होंने अपने बेटे गौरव कुमार को घर जाकर देखने के लिए कहा।
गौरव जब घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे समेत मकान के अन्य दरवाजे अंदर से बंद थे। इसके बाद उसने सीढ़ी के सहारे चारदीवारी पार की और कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर देखा। कमरे में उसकी मां बिस्तर पर पड़ी हुई थीं। गौरव ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां लक्ष्मी कुमारी मृत अवस्था में मिलीं। उनके बाएं कान से खून निकल रहा था।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के मायके के लोग और उनके पति भी मौके पर पहुंचे। सूचना पर मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती और एसडीपीओ राघव दयाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में पटना से एफएसएल की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक नमूने और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है।
हत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
एसडीपीओ राघव दयाल के अनुसार, महिला शिक्षिका की हत्या धारदार हथियार से की गई है। उनके बाएं कान पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों की ओर से फिलहाल लिखित शिकायत भी नहीं दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ अन्य स्रोतों से भी हत्याकांड की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को किसने और किस वजह से अंजाम दिया।