NEWS PR डेस्क : जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने खुद को जान से मारने की धमकी मिलने का दावा किया है। तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस पूरे मामले की जानकारी साझा करते हुए आरोप लगाया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर उन्हें धमकी दी, वीडियो वायरल करने की बात कहकर ब्लैकमेल करने और पैसे मांगने की कोशिश की।

तेज प्रताप यादव के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 3 बजकर 11 मिनट पर उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक मीडिया हाउस से जुड़ा हुआ बताया। इसके बाद कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि फोन करने वाले ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करने और पैसे की मांग करने का प्रयास किया।

तेज प्रताप यादव ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मामला केवल उनके तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार, फोन करने वाला व्यक्ति जनशक्ति जनता दल से जुड़े कई अन्य लोगों को भी परेशान कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी से जुड़े लोगों को धमकियां दी जा रही हैं और वीडियो वायरल करने की बात कहकर पैसे मांगे जा रहे हैं।
मामले को गंभीर बताते हुए तेज प्रताप यादव ने सरकार और प्रशासन से तत्काल जांच की मांग की है। उन्होंने संबंधित मोबाइल नंबर की जांच कर फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने पार्टी से जुड़े अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।
तेज प्रताप यादव ने साफ कहा कि धमकी, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और ऐसे मामलों में दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि करीब तीन महीने पहले तेज प्रताप यादव की Y कैटेगरी की सुरक्षा भी वापस ले ली गई थी। इसके बाद उनकी सुरक्षा में फिलहाल एक बॉडीगार्ड तैनात है। ऐसे में अब जान से मारने की धमकी मिलने के उनके दावे के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।