बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर फायरिंग, जमीन विवाद में तीन घायल

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 04 अप्रैल। मनेर थाना क्षेत्र के ब्यापुर गांव में शुक्रवार देर शाम जमीन विवाद ने उस वक्त तूल पकड़ लिया, जब मामला बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर तक पहुंच गया। विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।

घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दो गोतिया पक्षों के बीच चल रहा पुराना जमीन विवाद अचानक भड़क उठा। पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट और उसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे, तलवार और पत्थरों का भी इस्तेमाल किया गया।

इस फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में पप्पू, मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल मनीष और नितीश को इलाज के लिए एम्स पटना में भर्ती कराया गया है, जबकि पप्पू को दानापुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई है।

परिजनों ने मुकेश, दीपक और प्रिंस समेत कई लोगों पर करीब 15 राउंड फायरिंग करने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Share This Article