नालंदा के मघड़ा शीतला मंदिर मेले में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बिहार के नालंदा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। बिहारशरीफ के नजदीक स्थित मघड़ा शीतला मंदिर के पास लगे मेले में अचानक भगदड़ मचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हादसे में अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घटना दीपनगर थाना क्षेत्र की है, जहां चैत माह के आखिरी मंगलवार के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए जुटे थे। इसी दौरान भीड़ अनियंत्रित हो गई और भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, अचानक मची अफरा-तफरी के कारण कई लोग गिर पड़े और एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए, जिससे यह हादसा हुआ।

घायलों को तुरंत इलाज के लिए बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।

गौरतलब है कि मघड़ा गांव स्थित यह मंदिर एक प्रसिद्ध सिद्धपीठ माना जाता है, जहां बिहार ही नहीं बल्कि देश-विदेश से भी श्रद्धालु आते हैं। मान्यता है कि प्राचीन काल में भी यहां पूजा-अर्चना होती रही है, जिससे इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता और बढ़ जाती है। फिलहाल प्रशासन घटना की जांच में जुटा है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही जा रही है।

Share This Article