जिस बेटे के दीर्घायु होने के लिए मां ने किया छठ व्रत… उसी ने कर दी हत्या, अररिया में सनसनीखेज कांड

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। अररिया कहावत है पुत्र कुपुत्र हो सकता है, लेकिन माता कभी कुमाता नहीं हो सकती। ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है फारबिसगंज के नवटोलिया वार्ड नंबर 12 में। जहां अपने इकलौते पुत्र के दीर्घायु होने और परिवार के लिए एक मां ने लोक आस्था का महापर्व छठ किया, भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर घर लौटीं। लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस बेटे के लिए उन्होंने ये व्रत किया, वही उनकी हत्या कर देगा। आरोपी शख्स को पुलिस ने मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फारबिसगंज थाना पुलिस ने मृतका 65 वर्षीया समली देवी का शव कब्जे में लिया, आरोपी पुत्र नीरज पासवान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बेटे ने अपनी मां की हत्या लकड़ी के एक बड़े टुकड़े से हमला कर किया। घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि समली देवी और विद्यानन्द पासवान के बेटे नीरज पासवान की दो शादी हुई थी। जिसमें पहली पत्नी से दो बेटी हैं, जबकि दूसरी पत्नी से एक भी बच्चा नहीं है।

वहीं मृतका समली देवी को चार बेटी के साथ एक बेटा नीरज ही है। नीरज की दूसरी शादी नरपतगंज के नाथपुर में छह महीने पहले हुई। सोमवार को नीरज के दूसरे ससुराल से उनके ससुर आए थे। उनकी किसी बात पर दामाद नीरज पासवान से विवाद हुआ। हंगामा बढ़ रहा था इसी दौरान उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद समली देवी भी घर आई थी।

बताया जा रहा कि समली देवी ने मामले में बीच बचाव की कोशिश की। तभी बेटे ने गुस्से में एक लकड़ी के टुकड़े से उन पर प्रहार कर दिया। अचानक हुए वार से समली देवी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद फारबिसगंज थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेन्दु, एसआई नगेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भिजवाया। वहीं पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नीरज पासवान दिहाड़ी मजदूर है।

Share This Article