NEWS PR डेस्क: गया जिले के गुरुआ प्रखंड में गुरुवार की शाम स्कूल से घर लौट रही चार छात्राओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। नवाबचक गांव के पास आहार में डूबने से दो छात्राओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्राओं को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मृत दोनों छात्राएं सातवीं कक्षा में पढ़ती थीं। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया है।
हाथ-पैर धोने के लिए आहार किनारे पहुंची थीं छात्राएं
जानकारी के अनुसार, चारों छात्राएं आदर्श मध्य विद्यालय तारोबा में पढ़ती थीं। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद सभी छात्राएं अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में नवाबचक गांव के पास बने आहार के किनारे चारों हाथ-पैर धोने के लिए रुक गईं। इसी दौरान एक छात्रा का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गई।
उसे बचाने के प्रयास में दूसरी छात्राएं भी आगे बढ़ीं, लेकिन उनके पैर भी फिसल गए। देखते ही देखते चारों छात्राएं आहार के गहरे पानी में चली गईं। उस समय सभी छात्राओं के स्कूल बैग भी उनके साथ थे। पानी अधिक होने के कारण चारों डूबने लगीं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने पानी में उतरकर चारों छात्राओं को बाहर निकाला
छात्राओं की चीख सुनकर रास्ते से गुजर रहे लोगों और आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देर किए आहार में उतरकर छात्राओं को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों छात्राओं को पानी से बाहर निकाला गया।
इसके बाद सभी छात्राओं को गुरुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद 12 वर्षीय शिवानी कुमारी और 12 वर्षीय सुप्रिया कुमारी को मृत घोषित कर दिया वहीं, बचाई गईं दोनों अन्य छात्राएं सुरक्षित हैं और अपने-अपने घर पर हैं।
शिवानी और सुप्रिया की मौत से परिवार में मचा कोहराम
मृत छात्राओं की पहचान 12 वर्षीय शिवानी कुमारी और 12 वर्षीय सुप्रिया कुमारी के रूप में हुई है। शिवानी के पिता का नाम अमरेंद्र यादव है, जबकि सुप्रिया के पिता मनोज चौधरी हैं। बताया गया कि शिवानी दो बहन और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी। सुप्रिया भी दो बहन और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं, नवाबचक गांव के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों छात्राओं के शव को कब्जे में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल, गया भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गया से रिपोर्टर: आशीष कुमार